गेहढा कलां गांव में खुड़द माता मंदिर के किए दर्शन,
पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया भी मंत्री के साथ रहे मौजूद
मकराना । (अब्दुल सलाम सीनियर रिपोर्टर )केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मकराना दौरे पर रहे। इस दौरान मकराना के जाखली चौराहे पर पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री उपखंड के गेहढा कलां गांव में स्थित खुड़द माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। जहां पर पूजा अर्चना करने के बाद भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद भागीरथ चौधरी पहली बार मकराना आए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा पार्टी संगठन के लिए तत्परता से कार्य करने और केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना से आम नागरिकों को लाभान्वित करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि माता जी के आशीर्वाद से देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास की ओर अग्रसर है।
कृषि क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक कठिन परिश्रम किया जा रहा है। निश्चित ही सरकार किसानों के हित को लेकर बड़े कार्य कर रही है, जो शीघ्र ही जनता के सामने होंगे। जिसमें मुख्य रूप से किसानों से अनाज एमएसपी दर पर बड़े स्तर पर खरीद किया जाएगा। क्योंकि किसान खुश रहेगा तो देश में खुशहाली आएगी। उन्होंने किसानों की समस्या को देखते हुए बताया कि राजस्थान में बड़े स्तर पर नीलगाय से किसान परेशान है। इसके लिए सरकार जगह-जगह नीलगाय अभ्यारण खोलने पर काम कर रही है। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर तथा नगरीय निकाय स्तर पर भी गोवंश के लिए नंदी अभ्यारण भी खोलने पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने किसान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का भी बखान किया है। इस दौरान पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया ने भी अपने विचार प्रकट किये।
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने करणी-इन्द्रेश मातेश्वरी के दर्शन कर मातारानी की जोत व आरती की। मन्दिर के महन्त पूर्व सरपंच भेंरूदान सिंह रत्नु ने माता के दरबार में आगमन पर मातारानी के दर्शन के पश्चात भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित किसान व नागरिक मौजूद थे।
