
लक टुडे न्यूज नेटवर्क
उदयपुर। . चार दिन पहले (16 अगस्त) उदयपुर में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल स्टूडेंट की मौत हो गई है। एमबी अस्पताल में भर्ती छात्र की दोपहर करीब 3 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। छात्र के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
करीब 3.30 बजे अस्पताल प्रशासन के साथ कलेक्टर अरविंद पोसवाल और एसपी योगेश गोयल ने मीटिंग की थी। उनके साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद SP योगेश गोयल ने इमरजेंसी के बाहर की लोकेशन का मुआयना किया और सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग करवाई।
अस्पताल के दोनों ही मुख्य दरवाजों पर लोगों की एंट्री बंद कर दी गई। हालांकि, मरीजों को अस्पताल में जाने दिया जा रहा है। इमरजेंसी गेट से मॉर्च्युरी के बाहर जाने वाले रास्ते पर निर्माण सामग्री (पत्थर-ईंटों) को हटाया दिया गया।
इससे पहले दोपहर करीब 2.15 बजे घायल छात्र को सगी बहन सुहानी और चचेरी बहनों ने राखी बांधी। कलेक्टर की स्वीकृति मिलने के बाद बहनें अस्पताल पहुंची और भाई को राखी बांधकर उसके दीर्घायु होने की प्रार्थना की। बाजार से लेकर चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात
शहर में बाजार से लेकर विभिन्न चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अफवाहों से शहर को बचाने के लिए नेटबंदी भी बढ़ा दी गई है। आज रात 10 बजे तक नेट बंद रहेगा। एमबी अस्पताल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। वारदात के दिन यहां बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई थी। ऐसे में अस्पताल परिसर में उदयपुर एसपी योगेश गोयल और अन्य अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।



















































