— आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुसाइड धमकी का वीडियो वायरल का मामला
इन पर गिरि गज ग
जयपुर, किशनगढ़ रेनवाल। नवीन कुमावत वरिष्ठ संवाददाता रेनवाल के वार्ड नंबर 19 के आंगनबाड़ी केंद्र की महिला कार्यकर्ता द्वारा अपनी ही महिला अधिकारी से परेशान होकर सुसाइड करने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग और प्रशासन हरकत में आया। मामले को लेकर विभाग ने फिलहाल आरोपी रेनवाल आंगनबाड़ी महिला पर्यवेक्षक रेणु जाखोटिया का तबादला रेनवाल ब्लॉक में ही बधाल गांव में कर दिया है। जाखोटिया के स्थान पर बागावास से राधा अग्रवाल को रेनवाल में महिला पर्यवेक्षक के पद पर लगाया है। फिलहाल महिला एवं बाल विकास विभाग जयपुर की तीन सदस्यीय कमेटी द्वारा पूरे मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
क्या था पूरा मामला :
पिछले सप्ताह वार्ड नंबर 19 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी कुमावत का महिला पर्यवेक्षक रेनू जाखोटिया पर कई आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें कार्यकर्ता ने महिला पर्यवेक्षक पर रिश्वत देने का दबाव बनाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था। इसी वीडियो में कार्यकर्ता ने 5 साल पहले सीडीपीओ रही नीरू सांखला और 12 साल पहले सुपरवाइजर रही कृष्णा वर्मा पर भी कई आरोप लगाए थे। साथ ही इन सब बातों से परेशान होकर सुसाइड करने की धमकी दी थी। वहीं, इस मामले में महिला पर्यवेक्षक रेनू जाखोटिया ने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया था। इसके बाद रेनू जाखोटिया ने 16 जुलाई 2024 को रेनवाल थाने में इस वायरल वीडियो के आरोपों के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। जिसमें इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। लेकिन उसके बावजूद विभाग में रेनू जाखोटिया का ही तबादला कर दिया है। जिससे इन दोनों के बीच का विवाद खत्म हो सके।
