लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़ में भाजपा की गतिविधियां तेज
सुनील निगम |
झालावाड़। झालावाड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। झालावाड़–बारां सांसद दुष्यंत सिंह अपनी तीन दिवसीय सांसद जन संवाद पदयात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 28 जनवरी (बुधवार) से करेंगे।
इस पदयात्रा को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भगवा झंडा दिखाकर रवाना करेंगी, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्द्धन शर्मा ने बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ माथनियां पंचायत के नकलंग गांव स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इसके बाद सांसद दुष्यंत सिंह ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल भ्रमण करते हुए आमजन से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
तीन दिवसीय पदयात्रा का कार्यक्रम
-
28 जनवरी: नकलंग से बानौर (रात्रि विश्राम बानौर)
-
29 जनवरी: बानौर से धरोनिया
-
30 जनवरी: धरोनिया से जेताखेड़ी (यात्रा का समापन)
आगामी रणनीति से जुड़ी मानी जा रही यात्रा
इस जन संवाद पदयात्रा को भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पदयात्रा के माध्यम से सांसद ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जनसमस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझेंगे और संगठन को मजबूत करने की दिशा में फीडबैक लेंगे।
इस पदयात्रा को लेकर जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
