लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का समापन, मुख्यमंत्री ने युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार में सशक्त बनाने की पहलों की रूपरेखा पेश की
जयपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय युवा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और प्रतिभा हमारे प्रदेश का भविष्य हैं। उनका कहना था कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यस्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन “विकसित भारत, विकसित राजस्थान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की दिशा बदलने में सक्षम है।
भर्ती प्रक्रिया और रोजगार सृजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। पिछले दो वर्षों में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं और लगभग 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। निजी क्षेत्र में भी 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर दिए गए हैं।
कौशल प्रशिक्षण और स्टार्टअप्स को सहायता
भजनलाल शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने 3 लाख से अधिक युवाओं को आर्थिक क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया है, 2 लाख युवाओं को इंटर्नशिप करवाई गई है। 65 आई-स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं और 658 स्टार्टअप्स को लगभग 22.5 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख से अधिक युवाओं को 11.5 सौ करोड़ रुपए राशि वितरित की गई है।
खेल प्रतिभाओं का प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स आयोजित किए गए और राजस्थान टारगेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम शुरू की गई। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये तक का जीवन व दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। विभागीय खेल अकादमियों में छात्र-छात्राओं को 2,600 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति माह भत्ता दिया गया।
प्रमुख घोषणाएँ और नीतियाँ
-
भर्ती परीक्षा कैलेण्डर-2026 जारी, लगभग 1 लाख पदों की परीक्षाओं का प्रस्तावित शेड्यूल घोषित।
-
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ, 1 लाख युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण देकर सूक्ष्म उद्यमी तैयार किया जाएगा।
-
राजस्थान युवा नीति-2026 जारी, शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य, खेल और युवा नेतृत्व में अवसरों का विस्तार।
-
राजस्थान रोजगार नीति-2026 जारी, मार्च 2029 तक 15 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की रणनीति, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-जॉब फेयर की सुविधा।

सम्मान और पुरस्कार
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता संदीप वर्मा, शासन सचिव खेल एवं युवा मामले नीरज के. पवन सहित वरिष्ठ अधिकारीगण और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।










































