लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बजट सत्र में सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियां मजबूती से रखें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आगामी बजट सत्र को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विधायकों से फ्लोर मैनेजमेंट को लेकर विस्तृत चर्चा की और सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार से प्रारंभ हो रहा बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें राज्य सरकार एक समावेशी और सर्वस्पर्शी बजट प्रस्तुत करेगी। यह बजट जन-आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होगा और प्रदेश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने विधायकों से आह्वान किया कि वे सरकार के दो वर्षों के ऐतिहासिक कार्यों और उपलब्धियों को प्रमुखता से सदन में रखें।
सदन में सक्रिय उपस्थिति और तथ्यात्मक जवाब जरूरी
मुख्यमंत्री शर्मा ने विधायकों से कहा कि वे सदन में अधिक से अधिक समय तक उपस्थित रहें तथा विधानसभा की नियम-प्रक्रियाओं का समुचित अध्ययन कर विभिन्न विषयों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखें। उन्होंने मंत्रियों से विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ करारा जवाब देने को कहा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रामक और तथ्यहीन आरोप लगाएगा, जिनका गंभीरता और तथ्यों के आधार पर जवाब देना आवश्यक है।
सकारात्मक भाव से उठाएं जनहित के मुद्दे
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को प्रदेश के विकास के लिए सदन में भेजा है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे आमजन से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक दृष्टिकोण से सदन में उठाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। कांग्रेस के पास ‘पांच साल बनाम दो वर्ष’ की तुलना का कोई ठोस जवाब नहीं है।
संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पानी जैसी बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए राम जलसेतु परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिजली की पर्याप्त और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ युवाओं के रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा, इस वर्ष के लिए भी एक लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी किया गया है।
बजट घोषणाओं का तेज क्रियान्वयन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बजट घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारा है। दो वर्ष के कार्यकाल में संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे किए जा चुके हैं।
राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से बड़ी संख्या में परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं, जिससे किसान, युवा, महिला और सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं।
बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित भाजपा विधायक उपस्थित रहे।








































