लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बूंदी/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हर गांव और हर घर तक विकास की किरण पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है। डबल इंजन सरकार प्रदेश के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शनिवार को बूंदी जिले के हिण्डोली में आयोजित विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कुल 70 करोड़ रुपये की लागत के 24 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
रामसागर झील बनेगी पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हिण्डोली की रामसागर झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके द्वितीय चरण के पर्यटन एवं विकास कार्य भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने झील के सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन भी किया।
फुले दंपति के नाम पर पेनोरमा और लाइब्रेरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले की जीवनी पर आधारित पेनोरमा और पुस्तकालय बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सामाजिक सुधार के इन महान व्यक्तित्वों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विकास और योजनाओं पर जोर
शर्मा ने कहा कि सरकार ने बिजली, पानी और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और जल परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई व पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है तथा अब तक 1.25 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि कई भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
अन्य घोषणाएं और कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने रामसागर झील के किनारे भगवान श्रीराम की 21 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा को भी आस्था और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन किए।

कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपीचंद मीना सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।



















































