लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सीए देश की आर्थिक व्यवस्था की आत्मा, एआई तकनीक बन रही डिजिटल क्रांति
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) देश की आर्थिक व्यवस्था की आत्मा हैं और राष्ट्र निर्माण में उनका बड़ा योगदान है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी सीए अपनी योग्यता और मेहनत से राज्य के विकास में भागीदार बनें तथा राजस्थान को समृद्ध और विकसित बनाने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान, जयपुर शाखा द्वारा आयोजित ‘एआई इनोवेशन समिट 2025’ को संबोधित कर रहे थे।
सीए पर आमजन का विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देश में सबसे ज्यादा सीए राजस्थान से हैं। उन्होंने कहा कि सीए नई तकनीक, नए नियम और वैश्विक आर्थिक परिवर्तनों को सबसे पहले समझकर समाज को उसकी सही दिशा दिखाते हैं। यही कारण है कि आमजन का उन पर गहरा विश्वास है, और इस विश्वास पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।
भारत एआई क्षेत्र में तेजी से बना रहा पहचान
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2014 में अर्थव्यवस्था की दृष्टि से 11वें स्थान से आज चौथे स्थान पर पहुंच गया है और शीघ्र ही तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा। उन्होंने कहा कि एआई केवल तकनीक नहीं बल्कि क्रांति है, और भारत एआई क्षेत्र में तेजी से पहचान बना रहा है।
राजस्थान भी डिजिटल इंडिया मिशन और इंडिया एआई मिशन के साथ तालमेल में काम कर रहा है। राज्य सरकार नई एआई और मशीन लर्निंग पॉलिसी पर कार्य कर रही है।
राज्य में विकास की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, खनन, सौर और पवन ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में राजस्थान अग्रणी बनकर उभर रहा है।
-
राइजिंग समिट के जरिए 35 लाख करोड़ के एमओयू किए गए।
-
पेयजल और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना, इंदिरा गांधी नहर, गंगनहर और माही बांध जैसी परियोजनाएं चलाई जा रही हैं।
-
2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य।
-
5 साल में युवाओं को 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी नौकरियां देने का संकल्प।

उद्योग मंत्री का संबोधन
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। एआई और नई तकनीकों के उपयोग से राज्य गुड गवर्नेंस की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
समिट के दौरान मुख्य आकर्षण
-
मुख्यमंत्री ने ‘प्राइवेसी इन एआई’ पुस्तक और समिट की स्मारिका का विमोचन किया।
-
आईसीएआई सदस्यों के लिए तैयार किए गए ‘एआई 2.0’ कोर्स का ऑनलाइन शुभारंभ।
-
बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भाग लिया, जिनमें सीए सतीश गुप्ता और सीए रोहित प्रमुख रूप से मौजूद रहे।











































