लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पाली/सुमेरपुर | सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चाणौद में रविवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी बरती जाए ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र को मिली विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
ग्राम पंचायत मुख्यालय चाणौद के चिकित्सालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने विधायक कोष से 10 लाख रुपये की लागत से रंगीन ब्लॉक, सांसद कोष से 7 लाख रुपये की लागत से स्कूल में रंगमंच निर्माण, जिला परिषद कोष से 10 लाख रुपये की लागत से महाराणा प्रताप चौक से रैलिया मार्ग तक नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इसके अलावा बालिका विद्यालय में 2.5 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम, मीणों की ढाणी में 38 लाख रुपये की लागत से 50 केएल क्षमता का उच्च जलाशय, तथा विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण एवं रामदेव मंदिर में टीन शेड निर्माण कार्यों की शुरुआत भी की गई।
हाईलेवल ब्रिज एवं सड़क विकास कार्यों का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने बजट घोषणा 2024-25 के तहत चाणौद–गिरवर सड़क पर 1000 लाख रुपये की लागत से हाई लेवल ब्रिज निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही 18 लाख रुपये की लागत से चाणौद शाकम्भरी माताजी सड़क पर पाइप पुलिया निर्माण एवं एनएच-62 से आकदड़ा गांव तक 46 लाख रुपये की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
चाणौद बांध की 5.25 करोड़ की मरम्मत कार्य का शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री ने चाणौद बांध की मरम्मत कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। यह कार्य लगभग 5.25 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य से बांध को नया जीवन मिलेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष जयेंद्र सिंह गलथनी, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महिराज सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, पूर्व उपप्रधान जगत सिंह, प्रशासक प्रतिनिधि हनुमान सिंह भाटी, ग्राम पंचायत प्रशासक जरावी देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





















































