लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित भव्य होली महोत्सव में आमजन के साथ हर्षोल्लास से रंगों का त्योहार मनाया। प्रदेशभर से हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ उत्सव में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने सपत्नीक उपस्थित जनसमूह को गुलाल लगाया और फूलों की वर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया।
ब्रज से शेखावाटी तक दिखी सांस्कृतिक छटा
होली के इस विशेष आयोजन में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एक ही मंच पर साकार होती नजर आई। ब्रज से आए कलाकारों ने पारंपरिक होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय और रंगमय बना दिया। वहीं शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर की गो वत्स फाग मंडली ने चंग की थाप पर धमाल प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
मुख्यमंत्री स्वयं भी कलाकारों के बीच पहुंचे और फाल्गुनी गीतों में सहभागिता कर उत्सव का आनंद लिया।
साफा-दुपट्टा और गुलाल से हुआ स्वागत
कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने का विशेष उत्साह दिखाई दिया। किसी ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाकर साफा और दुपट्टा पहनाया, तो किसी ने अपने हाथों से बनी पिचकारी और गुलाल गोटा भेंट कर स्नेह प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी से कटुता भुलाकर खुशियों और सद्भाव के साथ जीवन बिताने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक कुलदीप धनखड़, गोपाल शर्मा सहित अन्य सांसद, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जैसलमेर से धौलपुर और हनुमानगढ़ से बांसवाड़ा तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आमजन इस रंगारंग आयोजन के साक्षी बने।

















































