भाजपा सरकार की गलत नीतियों एवं भ्रष्टाचार के विरूद्ध बिना डरे, जनता के बीच जाकर संघर्ष करते रहेंगे — डोटासरा 

0
138
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 
प्रदेश की सरकार विपक्ष के विधायकों को धमका रही हैं, जी एस टी के अधिकारियों पर लगाया आरोप
जयपुर, । (आर एन सांवरिया) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. सरदार हरलाल सिंह की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गांधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  गोविन्द सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित अनेक कांगे्रसजनों ने स्व. सरदार हरलाल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी पुष्पांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित मीडिया को सम्बोधित करते हुये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता महान् स्वतंत्रता सैनानियों द्वारा निर्भय होकर आमजन के लिये संघर्ष करने के लिये दिखाये मार्ग पर सदा चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि महान् स्वतंत्रता सैनानी तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्व. सरदार हरलाल सिंह की जयंती पर आज पूरा प्रदेश श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहा है क्योंकि उन्होंने प्रदेशभर के किसानों की उन्नति के लिये अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि एक ओर महान् किसान नेताओं ने प्रदेश में किसानों की उन्नति एवं खुशहाली के लिये कार्य किया, दूसरी ओर आज प्रदेश की सत्ता में बैठी हुई सरकार किसानों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में प्रश्रकाल के दौरान हस्तक्षेप कर भाजपा के घोषणा पत्र में किये गये वादे के अनुसार एमएसपी पर बाजरा खरीद करने की बात कही और इस संकल्प को पूरा करने की बात विधानसभा में दोहराई, किन्तु किसान आयोग के अध्यक्ष एमएसपी पर बाजरा खरीद करने से मना कर रहे हैं, जबकि भाजपा के नेता तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष  राजेन्द्र राठौड़ घोषणा पत्र में किये गये वादों को निभाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तो किसानों के हितों पर कुठाराघात कर रही है, प्रदेश में पंचायत राज संस्थाओं जिनके माध्यम से किसान के बेटे जनप्रतिनिधित्व करते हैं, उसके चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने भी तीन काले कृषि कानून लागू कर किसान हितों पर कुठाराघात किया था। उन्होंने कहा कि आज भी किसान एमएसपी लागू करने की मांग को लेकर दिल्ली बॉर्डर पर संघर्ष कर रहे हैं।
डोटासरा ने कहा कि सरकार के कैबीनेट मंत्री ने फोन टेप होने और जासूसी के आरोप भाजपा सरकार पर लगाये थे तब पूरी भाजपा ने ऐसा वक्तव्य नहीं होने की बात कही थी, किन्तु अब भाजपा ने किरोड़ीलाल मीणा को इसी मुद्दे को लेकर नोटिस दिया व प्रदेश में भाजपा की छवि धूमिल होने की बात कही है, किन्तु विपक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा में वक्तव्य देना उचित नहीं समझा और विधानसभा के कार्यों को बाधित होने दिया। उन्होंने कहा कि यदि आज छवि धूमिल होना मानकर भाजपा ने नोटिस दिया है तो यह स्वीकार किया  है कि कैबीनेट मंत्री ने फोन टेप होने तथा जासूसी करने के आरोप सरकार पर लगाये थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को बाधित कर सत्ता पक्ष पाप का भागी है। उन्होंने कहा कि आमजनता के मुद्दे विधानसभा में उठने चाहिये, किन्तु सत्ता पक्ष विधानसभा की कार्यवाही सुचारू नहीं चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री ने दो घण्टे भाषण दिया, किन्तु कैबीनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा द्वारा लगाये गये आरोपों का खण्डन करने अथवा जवाब देने के लिये एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल वही बात करते हैं जो पर्ची दिल्ली से आती है, स्वयं के विवेक से एक शब्द भी नहीं बोलते। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में नई परिपाटी कायम की जा रही है जिसमें कोई विधायक सरकार की आलोचना करता है तो उसे डराने-धमकाने के लिये इनकम टैक्स, जीएसटी आदि एजेंसियों के अधिकारियों को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा तो अंग्रेजों के शासन में भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस विधायक डॉ. विकास चौधरी ने मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा की आलोचना की तो उनके करीबी मित्रों के घरों पर जीएसटी के अधिकारी जाकर धमकाने का काम कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अपने विधायक मित्र को समझा देना ध्यान से काम करे। उन्होंने कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी से कह रहे हैं कि भाजपा सरकार प्रतिपक्ष को धमकाकर भ्रष्टाचार करना चाहती है, किन्तु कांग्रेस नेता ऐसा नहीं होने देेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन 7 करोड़ रूपये की बजरी का अवैध खनन् चोरी से करने के आरोप कैबीनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा लगा रहे हैं और भाजपा की प्रदेश सरकार प्रतिपक्ष द्वारा प्रश्र पूछने पर एजेंसियों के माध्यम से धमकाने का कार्य कर रही है, किन्तु कांग्रेस नेता डरते नहीं हैं, भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर सवाल उठाते रहेेंगे। उन्होंने कहा कि आज स्व. सरदार हरलाल सिंह की जयंती पर सभी कांग्रेसजन संकल्प लेते हैं कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों एवं भ्रष्टाचार के विरूद्ध बिना डरे और परिणाम की परवाह किये बगैर जनता के बीच जाकर संघर्ष करते रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत ने कहा कि कैबीनेट मंत्री द्वारा सरकार पर टेलीफोन टेपिंग के आरोपों पर जवाब देने की मांग पूरा विपक्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में भी आरोप लगे तो उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री होने के नाते विधानसभा में खड़े होकर कहा था कि किसी भी एमपी अथवा एमएलए का फोन ना तो टेप हुआ है और ना हो रहा है, ना होगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जो सदन के नेता हैं, गृहमंत्री भी हैं, स्पष्ट नहीं कर रहे हैं कि कोई फोन टेप नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री का भाषण समझ से परे है। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून जनप्रतिनिधियों के फोन टेप करने की इजाजत नहीं देता है, केवल एंटी सोशल एलीमेंट जिन पर किसी प्रकार का आरोप है अथवा राजद्रोह का काम कर रहा हो उनके फोन टेप करने के लिये भी मंत्री से इजाजत लेनी पड़ती है, यदि प्रक्रिया से बाहर जाकर फोन टेप हुआ है तो यह क्राईम है। उन्होंने कहा कि मंत्री जवाहर सिंह विधानसभा के बाहर तो जवाब दे रहे हैं किन्तु विधानसभा के अन्दर कोई नहीं बोल रहा है, इस पर मुख्यमंत्री को मुद्दे पर स्पष्टीकरण देना चाहिये।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here