लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की घोषणा, आर्य समाज मनाएगा स्वामी श्रद्धानंद की बलिदान शताब्दी
अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती की निर्वाण स्थली अजमेर में शीघ्र ही महर्षि दयानंद पैनोरामा का निर्माण किया जाएगा। इस पैनोरामा के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु महर्षि दयानंद के महान जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान से प्रेरणा ले सकेंगे। यह घोषणा विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान आर्य प्रतिनिधि सभा के ऋषि उद्यान में आयोजित सम्मेलन के दौरान की।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आगामी बजट में ही दयानंद पैनोरामा के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागृति, वैदिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में महर्षि दयानंद सरस्वती तथा आर्य समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
देवनानी ने कहा कि राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने के लिए अजमेर में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके तहत स्टेशन रोड स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम बदलकर महर्षि दयानंद विश्रांति गृह किया गया, वहीं आरटीडीसी होटल खादिम का नाम बदलकर अजयमेरु रखा गया। उन्होंने बताया कि तारागढ़ स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान के ऐतिहासिक दुर्ग क्षेत्र से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाए गए हैं, जिसे अब एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने आर्य प्रतिनिधि सभा और आर्य वीर दल की अजमेर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक योजना समीक्षा बैठक में भाग ले रहे प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना को निकट से अनुभव करना उनके लिए प्रेरणादायी रहा। वैदिक आदर्शों के प्रसार और समाज सुधार के सतत प्रयासों के लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम को परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि ने भी संबोधित किया। राजस्थान आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान जयसिंह गहलोत और मंत्री जीववर्धन शास्त्री ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। परोपकारिणी सभा के न्यासी डॉ. वेदप्रकाश विद्यार्थी ने उन्हें आचार्य धर्मवीर की पुस्तक अग्नि सूक्त और भारतीय नारी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन स्वामी ओमानंद सरस्वती ने किया।











































