लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। ग्राम पादूखुर्द स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता दीपिका पारीक के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।
दीपिका पारीक ने विद्यालय विकास के लिए ₹25 हजार की राशि भेंट कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने कहा, “जन्मस्थली से बढ़कर कर्मस्थली होती है, क्योंकि कर्मस्थली ही व्यक्ति के संस्कार, पहचान और उपलब्धियों की साक्षी बनती है।”
प्रधानाचार्य गंगाराम लटियाल ने बताया कि दीपिका पारीक का कार्यकाल प्रेरणादायी रहा है। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त किया और हमेशा विद्यार्थियों के हित, अनुशासन व शैक्षणिक गुणवत्ता को प्राथमिकता दी।
समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और स्टाफ ने दीपिका पारीक को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम में सम्मान, भावुकता और प्रेरणा का भाव देखने को मिला।















































