लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां। विश्व मधुमेह दिवस 2025 के अवसर पर राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय नावां द्वारा राजकीय उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) नावां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राजवीर सिंह, पीएमओ, एसडीएच नावां ने की।
डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि विश्व मधुमेह दिवस का उद्देश्य मधुमेह के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
बीसीएमओ नावां डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि मधुमेह केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि मुंह से जुड़े कई रोग भी मधुमेह से संबंधित होते हैं, इसलिए संतुलित आहार और सही दिनचर्या अपनाना बेहद जरूरी है।
डॉ. राजेंद्र शर्मा ने मधुमेह से होने वाली जटिलताओं, बचाव के उपायों और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि समय पर जांच और नियंत्रण से बीमारी के गंभीर प्रभावों को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में प्राचार्य रामनिवास मूंड ने बदलती जीवनशैली, फास्ट फूड, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी को मधुमेह बढ़ने के प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ ब्लड शुगर शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे ब्रेन स्ट्रोक, किडनी फेलियर और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नियमित व्यायाम और संतुलित भोजन को मधुमेह से बचाव का सर्वोत्तम उपाय बताया।
कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह चौधरी, अनिता कुमारी, मनीष शर्मा, यूनुस, श्रवण राम सहित समस्त स्टाफ व नर्सिंग महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।











































