विश्व हिंदू परिषद की नागौर विभाग बैठक संपन्न, केंद्रीय मंत्री उमाशंकर रहे मौजूद

0
32
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) विश्व हिंदू परिषद नागौर विभाग की बैठक शहर के माली समाज भवन, डीडवाना रोड में आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री उमाशंकर सहित प्रांतीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री उमाशंकर ने संगठन की शक्ति और संरचना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में दो प्रकार की शक्तियां कार्य करती हैं—देवीय और आसुरी शक्ति। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठित होकर “सज्जन शक्ति” को मजबूत करें।

उन्होंने धर्मांतरण, “घर वापसी” कार्यक्रमों, सेवा कार्यों तथा मंदिरों के प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू समाज की सांस्कृतिक और पारिवारिक मर्यादाओं की रक्षा को आवश्यक बताया।

संगठन विस्तार पर जोर

प्रांत संगठन मंत्री राजेश भाई पटेल ने खंड और इकाई स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा ग्राम स्तर तक समितियों का गठन कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं बजरंग दल संयोजक विक्रम परिहार ने आगामी प्रशिक्षण शिविरों और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी।

नई जिम्मेदारियों की घोषणा

बैठक में संगठन के विस्तार के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विभाग मंत्री रामेश्वर सारस्वत ने दायित्वों की घोषणा की, जिनमें कई प्रखंड, जिला एवं मातृशक्ति से जुड़े पद शामिल हैं।

प्रमुख दायित्व इस प्रकार रहे—

मनरूप भादू (झाड़ीसरा) को जिला धर्माचार्य प्रमुख, भारती वैष्णव को जिला सहसंयोजिका दुर्गा वाहिनी, कुशाल सिंह को प्रखंड मंत्री (नागौर ग्रामीण), जगदीश वैष्णव को प्रखंड मंत्री (नागौर शहर), अंजनी कुमार गौड़ को मंदिर अर्चक प्रमुख (नागौर शहर), उर्मिला सेन को मातृशक्ति प्रखंड संयोजिका (नागौर ग्रामीण) तथा चंदा कोचर को मातृशक्ति सहसंयोजिका (नागौर ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक का समापन

कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री ने किया और अंत में प्रांत सह सत्संग प्रमुख पुखराज सांखला ने शांति पाठ के साथ बैठक का समापन करवाया।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और मातृ शक्ति के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रांत सत्संग प्रमुख एडवोकेट नरेंद्र भोजक, प्रांत बलोपासना प्रमुख जयेश, जिला मंत्री ओमप्रकाश सोनी सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here