लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलेक्टर हसीजा ने विशेष बच्चों का बढ़ाया मनोबल
राजसमंद (गौतम शर्मा)।
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा बुधवार को द्वारकेश अक्षम सेवा संस्थान द्वारा संचालित जागृति उच्च माध्यमिक विशिष्ट विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं अध्ययन सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों को देखकर कलेक्टर हसीजा अभिभूत हुए। उन्होंने कहा कि विशिष्ट बच्चे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं, और जिला प्रशासन इस दिशा में हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर एडीएम नरेश बुनकर, डीएलएसए सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह, विद्यालय संचालक राकेश परियानी सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया और बच्चों के आवास, भोजन, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने स्मार्ट स्क्रीन आधारित शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए उसका लाइव डेमो भी देखा। 
कलेक्टर हसीजा ने कहा कि जिला प्रशासन विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्णतः समर्पित है और आगे भी ऐसी पहलें जारी रहेंगी।










































