विशेष योग्यजनों एवं वृद्धजनों के संबल का आधार बनेगा ’सक्षम जयपुर अभियान’

0
58
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

28 अगस्त को किशनगढ़-रेनवाल में लगेगा विशेष शिविर

रेनवाल,  (रिपोर्ट: डब्लू गोस्वामी)।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा अनुसार, जयपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सक्षम जयपुर अभियान’ विशेष योग्यजनों एवं वृद्धजनों के संबल का आधार बनता जा रहा है। इस अभियान के तहत 28 अगस्त को किशनगढ़-रेनवाल में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इन शिविरों में राज्य सरकार की बजट घोषणा, भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना तथा एडीआईपी योजना के अंतर्गत विशेष योग्यजन एवं बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।

जिला कलेक्टर के निर्देश

जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों से अपील की कि वे शिविर में उपस्थित होकर उपकरणों का लाभ उठाएं और इस अभियान को सफल बनाएं।

ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर की व्यवस्थाओं के लिए उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जितेन्द्र कुमार सेठी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वितरित किए जाएंगे ये उपकरण

अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को आवश्यकता अनुसार निम्न उपकरण दिए जाएंगे:

  • ट्राई-साइकिल, व्हीलचेयर, कैलिपर, वॉकिंग स्टिक, कमर व घुटने की बेल्ट, सर्वाइकल कॉलर, बैशाखी, वॉकर, ट्राइपॉड, श्रवण यंत्र, कृत्रिम डेन्चर, चश्में

शिविरों में चिकित्सा विभाग और एलिम्को द्वारा लाभार्थियों का चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी कर उपकरणों के लिए चिन्हीकरण किया जाएगा।

आयोजन की व्यवस्थाएं

  • संबंधित उपखंड अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

  • अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं विकास अधिकारी सह-प्रभारी होंगे।

  • ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी समन्वय अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कैलाश चौधरी ने बताया कि शिविर का आयोजन पंचायत समिति परिसर, किशनगढ़-रेनवाल में 28 अगस्त को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने विशेष योग्यजनों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों के साथ UDID कार्ड अवश्य लेकर आएं।

शिविर का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से किया जाएगा ताकि कोई भी पात्र विशेष योग्यजन या वृद्धजन लाभ से वंचित न रह जाए।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here