लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संवाददाता – नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के कार्यों का निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु और उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति ककवानी ने क्षेत्र में किया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की।
अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में औचक निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मालियान सैनी पब्लिक विद्यालय स्थित मतदान केन्द्र संख्या 135, 136 और 137 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और सुपरवाइजर्स से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी गरिमा नरूला भी मौजूद रहीं।
घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्र संग्रह प्रक्रिया की जांच
भजनगंज क्षेत्र में अधिकारी द्वारा मतदाताओं से संवाद कर परिगणना प्रपत्र (ईएफ) की जानकारी दी गई। लोक बन्धु ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण में वर्ष 2002 की मतदाता सूची के आधार पर निर्वाचक मैपिंग की जा रही है। प्रत्येक मतदाता को परिगणना प्रपत्र वितरित किया जा रहा है, जिसमें नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र और भाग संख्या जैसी जानकारी पूर्व मुद्रित है।
मतदाताओं को इसमें अपनी नवीनतम रंगीन फोटो चिपकानी होगी। बीएलओ मतदाताओं की पुराने रिकॉर्ड से मिलान और लिंकिंग में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिगणना चरण के दौरान किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। सभी मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल किए जाएंगे। गणना पूर्ण होने के बाद जो मतदाता लिंक नहीं होंगे, उनके लिए ईआरओ और एईआरओ द्वारा पात्रता की जांच की जाएगी। इसके बाद योग्य नागरिकों के नाम अंतिम सूची में जोड़े जाएंगे और अपात्र नाम हटाए जाएंगे।
पुष्कर क्षेत्र में उप जिला निर्वाचन अधिकारी का निरीक्षण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति ककवानी ने पुष्कर विधानसभा क्षेत्र की कायड ग्राम पंचायत के मतदान केन्द्र भाग संख्या 139, 140 और 141 का निरीक्षण किया। उन्होंने एसआईआर कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओं से घरों की संख्या, मैपिंग, वितरित और संग्रहित प्रपत्रों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओं को समयबद्ध और सटीक रूप से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
“सही मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार”
ककवानी ने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। इसलिए इस कार्य को पूर्ण स्वच्छता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए।















































