लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक अनिता भदेल ने विकास रथ के माध्यम से गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर | राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “2 साल – नवउत्थान, नई पहचान, बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” कार्यक्रम श्रृंखला के तहत अजमेर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी विकास रथ के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रथ यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भाग लिया, जबकि अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ कार्यक्रम में विधायक अनिता भदेल शामिल हुईं। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने विकास रथ का अवलोकन कर आमजन को राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों से अवगत कराया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं विधायक अनिता भदेल ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा आमजन को प्रचार साहित्य का वितरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ के माध्यम से पुराना नगर निगम भवन, सोफिया कॉलेज, कालू की ढाणी, कुंदन नगर सामुदायिक भवन, सीएपीएफ कैंपस एवं पलटन बाजार क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
वहीं अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में जोन्सगंज चौराहा, गढ़ी मलियान, अशोक नगर, सुभाष नगर एवं खानपुरा क्षेत्र में विकास रथ के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली।