लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर |
श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय सहित सभी उपखंड क्षेत्रों के सरकारी कार्यालयों एवं न्यायालय परिसरों में मंगलवार को संविधान दिवस के 76 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में श्रीकरणपुर न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीजे श्याम कुमार व्यास एवं एसीजेएम मुकुल गहलोत ने की। कार्यक्रम में न्यायालय कर्मचारियों के साथ मिलकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र एवं संविधान के प्रति सदैव ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ रहकर उसकी पूर्ण पालना करने की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि भारत का प्रत्येक नागरिक संविधान में पूर्ण आस्था रखता है। भारतीय संविधान हर एक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता एवं निर्भीक होकर जीवन जीने का अधिकार देता है, जिसे संरक्षण एवं सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी हम सभी की है।


















































