लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
हरिद्वार, वाराणसी और सारनाथ के लिए तीर्थ यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
सुमेरपुर/पाली ।
राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत रविवार को विशेष ट्रेन का शुभारंभ किया गया। यह ट्रेन पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित जवाई बांध रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह विशेष ट्रेन जवाई बांध रेलवे स्टेशन से प्रस्थान कर पाली, जोधपुर होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी और सारनाथ के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराएगी। जवाई बांध से इस ट्रेन में सिरोही जिले के 106 और जालोर जिले के 120 वरिष्ठ नागरिक यात्री शामिल हुए। मंत्री कुमावत ने बताया कि कुल आठ जिलों से 676 वरिष्ठ नागरिक इस यात्रा में सम्मिलित हैं। इसमें जोधपुर जिले के 120, जैसलमेर के 40, फलोदी के 40, बाड़मेर के 100 तथा बालोतरा जिले के 50 यात्री शामिल हैं।
ट्रेन रवाना होने से पहले मंत्री कुमावत ने लोको पायलट का पुष्पगुच्छ व माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार उन्हें आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मंत्री व स्थानीय नेताओं का हुआ भव्य स्वागत
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के जवाई स्टेशन पर पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। देवस्थान विभाग, जोधपुर के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश पालीवाल ने मंत्री कुमावत को साफा पहनाकर व पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सुमेरपुर पंचायत समिति की प्रधान उर्मिला कंवर, तख्तगढ़ नगरपालिका के चेयरमैन ललित रांकावत, पूर्व जिलाध्यक्ष करण सिंह राजपुरोहित, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, दिनेश सिंह राजपुरोहित, पाली जिला दुग्ध डेयरी के चेयरमैन प्रताप सिंह बिठिया, सांसद प्रतिनिधि अनोप सिंह राठौड़, रमेश बोहरा, एसडीएम कालूराम कुम्हार, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र माली, सुमेरपुर नगरपालिका के उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा, शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष फूलाराम सुथार, लालाराम देवासी, मुकेश मोदी, इंदरसिंह जाखोड़ा, सुमेर सिंह पोमावा, सीबीईओ भवानी सिंह राणावत, घीसूलाल देवासी, प्रेम कुमार अग्रवाल, रूपनारायण शर्मा, लक्ष्मण सिंह नेतरा, स्टेशन मास्टर मान सिंह, देवस्थान विभाग के मैनेजर राजकमल त्रिवेदी, उमेश पुरोहित, विजय कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह योजना वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराकर उन्हें आध्यात्मिक व मानसिक शांति प्रदान करने का उद्देश्य लेकर संचालित की जा रही है। राज्य सरकार ने इसे एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताया है।














































