लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हनुमानगढ़, बीकानेर और जोधपुर से 970 वरिष्ठ तीर्थयात्री हुए सवार
जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की महत्वाकांक्षी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना–2025 के तहत मंगलवार को द्वारका–नागेश्वर–सोमनाथ के लिए विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन हनुमानगढ़ जंक्शन से रवाना हुई। ट्रेन को श्रीयादे माटी कला बोर्ड, राजस्थान के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में हनुमानगढ़ जंक्शन से श्रीगंगानगर जिले के 167 एवं हनुमानगढ़ जिले के 133 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए। इसके अतिरिक्त बीकानेर रेलवे स्टेशन से 350 तथा जोधपुर के भक्त की कोठी रेलवे स्टेशन से 320 यात्रियों सहित कुल 970 वरिष्ठ नागरिक देश के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। यह ट्रेन एक फरवरी को पुनः हनुमानगढ़ पहुंचेगी।
यात्रियों के लिए संपूर्ण व्यवस्थाएं
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की देखरेख के लिए एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंगकर्मी तैनात किए गए हैं। ट्रेन पूर्णतः वातानुकूलित है और यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग द्वारा आईआरसीटीसी के माध्यम से की गई हैं। यात्रियों को भोजन, आवास एवं अन्य सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर : प्रहलाद राय टाक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके लिए तीर्थ यात्रा जीवनभर की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा हुआ अनुभव होती है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि बुजुर्गजन सुरक्षित, सम्मानजनक और सुखद वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा श्रवण कुमार की भूमिका निभाते हुए बुजुर्ग माता-पिता को तीर्थ यात्रा का सौभाग्य प्रदान कर रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया गया है और यह गौरव की बात है कि राजस्थान से पहला तीर्थ यात्री दल आज वहां के दर्शन के लिए रवाना हुआ है।
सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में प्रयास
टाक ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें सनातन धर्म की रक्षा, संवर्धन और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार, सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देने और व्यवस्थागत सुधारों के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन करवा रहे हैं।
इस अवसर पर देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश, भाजपा नेता अमित साहू, भाजपा प्रवक्ता आशीष पारीक, पूर्व मंडल अध्यक्ष हाकम सिंह गिल, भाजपा नेता विजय कौशिक, देवस्थान विभाग की निरीक्षक ग्रेड प्रथम श्वेता चौधरी, सहायक लेखाधिकारी अजय धूड़िया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भीष्म कौशिक ने किया।















































