लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सामूहिक रूप से गूंजा “वंदे मातरम्”
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर,। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में शुक्रवार को सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस मौके पर कहा कि “वंदे मातरम् केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि यह भारत माता के प्रति श्रद्धा, एकता और राष्ट्रभावना का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि यह गीत हम सबको राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के मार्ग पर प्रेरित करता है तथा भारतीय संस्कृति की आत्मा को उजागर करता है।
राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को वंदे मातरम् का गायन अवश्य करना चाहिए, ताकि देशवासियों के बीच राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रजागरण का आह्वान है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि आज पूरे देश में जिस प्रकार देशभक्ति का सैलाब उमड़ रहा है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने इसे राजनीतिक रूप से निरपेक्ष जागृति अभियान बताते हुए कहा कि “वर्ष 1875 का ऐतिहासिक महत्व है, इसी वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल और भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था, साथ ही इसी वर्ष बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने ‘वंदे मातरम्’ की रचना की थी।”
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा परिवार के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेन्द्र सैनी, सह संयोजक प्रेम सिंह व प्रीति शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यालय परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ हुआ।















































