लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जिला परिषद सीईओ ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक
राजसमंद।
गौतम शर्मा
राजसमंद। राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वंदे मातरम् @150 कार्यक्रम के अंतर्गत राजसमंद जिलेभर में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक जिला परिषद के अधिकारी बैठक कक्ष में सम्पन्न हुई, जिसमें सभी उपखंड अधिकारी (एसडीएम), सीबीईओ, बीडीओ सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सीईओ बैरवा ने कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् @150 के तहत जिले में प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, रंगोली प्रतियोगिताएं सहित अनेक रचनात्मक और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा वर्ग में देशप्रेम, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सशक्त किया जाएगा।
सीईओ बैरवा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित हों, ताकि अभियान का उद्देश्य जन-जन तक पहुंचे। साथ ही प्रत्येक गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।















































