लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
समाचार:
सलूंबर । प्रदेश में “वंदे मातरम् @150” कार्यक्रम के सफल और गरिमामय आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज मुख्य सचिव सुधांशु पंत की अध्यक्षता में सचिवालय जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, विभागाध्यक्षों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। सलूंबर में जिला कलेक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा सहित अन्य अधिकारी जिला कलेक्टर परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष से बैठक में शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने कहा कि “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर राष्ट्र भावना, एकता और सांस्कृतिक गौरव को सशक्त बनाने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के प्रत्येक जिले में जन भागीदारी आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, देशभक्ति गीत-संगीत, प्रभात फेरियाँ, एकता मार्च/बाइक रैली, निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएँ शामिल हों।
उन्होंने शिक्षा, संस्कृति, युवा एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि “वंदे मातरम् @150” का संदेश जन-जन तक पहुँचे। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि स्वतंत्रता संग्राम में “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाने हेतु प्रदर्शनी और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
बैठक में बताया गया कि 7 नवम्बर को राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में होगा, जबकि 10 जिलों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अन्य जिलों में 8 एवं 9 नवम्बर को स्थानीय स्तर पर विविध कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव मनाया जाएगा।
जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने बताया कि सलूंबर में जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभात फेरी, शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि, बाइक रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वच्छता अभियान शामिल होंगे।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि 7 से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी विद्यालयों और कॉलेजों में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। चिकित्सा विभाग को रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में उपखंड अधिकारी सलूंबर जगदीश चंद्र बामनिया सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















































