लोक टुडे न्यूज नेटवर्क के
रन फॉर एनवायरनमेंट के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया जागरूकता संदेश
ब्यावर, (हेमन्त साहू)। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिले में 5 जून से 20 जून तक आयोजित वंदे गंगा – जल संरक्षण जन अभियान के तहत आज पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता का एक अनूठा आयोजन देखने को मिला। इस क्रम में पर्यावरण के लिए दौड़ (रन फॉर एनवायरनमेंट) एवं कैच द रेन 2025 कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह दौड़ साय जिला कलक्टर कार्यालय, ब्यावर से चांग गेट तक आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ विधायक शंकर सिंह रावत, प्रभारी सचिव विश्राम मीणा, पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह एवं जिला कलेक्टर डॉ. महेन्द्र खडगावत ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर स्काउट, एनसीसी, एनएसएस, अधिकारी-कर्मचारी व आमजन सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चांग गेट पहुंचकर दौड़ का समापन हुआ।
जहां मंच से आमजन को संबोधित करते हुए विधायक रावत, प्रभारी सचिव मीणा, जिला कलेक्टर डॉ. खडगावत व नगर परिषद आयुक्त श्री दिव्यांश सिंह ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा पर जागरूकता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण हमारी प्राथमिकता है और राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनभागीदारी से ही सफल होगा। 5 जून को जिले के सभी पारंपरिक जलस्रोतों – तालाबों, बावडय़िों और कुओं पर पूजन और सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा, जिससे समाज में स्वच्छ जल और पर्यावरण की महत्ता स्थापित हो। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, एसीईओ गोपाललाल सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।










































