लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
महज 15 दिन सीमित न रहे अभियान, हर दिन पानी और पर्यावरण के लिए हो : जल संसाधन मंत्री रावत
जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने कलेक्ट्रेट सभागार में ली ‘वंदे गंगा’ अभियान की समीक्षा बैठक
रावत ने वंदे गंगा के शुभारंभ से लेकर समापन तक हर गतिविधि का प्रस्तुतीकरण देखा
वंदे गंगा में अग्रणी रहने पर जल संसाधन मंत्री ने अग्रणी रहने पर राजसमंद को सराहा
गौतम शर्मा
राजसमंद । राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वंदे गंगा (जल संरक्षण–जन अभियान) की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा, एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, समाजसेवी माधव जाट आदि मौजूद रहे। 
बैठक में जिला कलक्टर असावा ने जिले में अभियान अंतर्गत हुए विभिन्न कार्यों जैसे अभियान के अंतर्गत रैली, रन फॉर एनवायरनमेंट, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, नेचर वॉक, तुलसी पौधा वितरण, श्रमदान, प्याऊ स्थापना, रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग की सफाई, निबंध, भाषण प्रतियोगिताएं, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, जल संरचनाओं का लोकार्पण और गाद निकासी, महिला समूहों की सहभागिता, अधिकाधिक फार्म पौण्ड की स्वीकृति और “कर्मभूमि से मातृभूमि” आदि पर प्रकाश डाला।
जल संसाधन मंत्री रावत ने एक-एक कर समस्त अधिकारियों जैसे जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय, जल संसाधन अधिशाषी अभियंता मान सिंह जोरवाल, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता राम अवतार सैनी, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता मगनी राम रैगर आदि से विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।उन्होंने वंदे गंगा अभियान में हाल ही में जारी हुई रैंकिंग में राजसमंद जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहने को लेकर बधाई दी और कहा कि इस जिले में वंदे गंगा अभियान के तहत अच्छा कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिकतम पौधारोपण हो और यह सुनिश्चित करें कि लगाए जाने वाले पौधे जीवित रहें। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा अब महज 15 दिन का अभियान नहीं है, हमें निरंतर जल संरक्षण गतिविधियां करनी है, क्योंकि जल है तो कल है।
जल संसाधन मंत्री रावत ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जिलेभर में नदी, नालों, तालाबों आदि पर अतिक्रमण हटाए जाएं। बैठक के अंत में जिला कलक्टर मुकुन्द असावा ने जल संसाधन मंत्री रावत को जिले में हुए विभिन्न नवाचारों और अभियानों जैसे स्वच्छ राजसमंद, स्वस्थ राजसमंद, माय ऑफिस क्लीन ऑफिस, माय हॉस्पिटल क्लीन हॉस्पिटल, माय स्कूल क्लीन स्कूल, मेरा विद्यालय श्रेष्ठ विद्यालय, दिव्यांग सारथी, प्रोजेक्ट सक्षम सखी, मिशन सहभागिता आदि पर प्रकाशित बुकलेट एवं वंदे गंगा अभियान के तहत जिले में हुई गतिविधियों पर प्रकाशित बुकलेट भेंट की जिसका मंत्री द्वारा अवलोकन कर गतिविधियों को सराहा गया। बैठक में विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने भी मंत्री के समक्ष अपने क्षेत्र के लिए विभिन्न मांगें रखी जिस पर मंत्री रावत ने शीघ्र से शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।
जल संसाधन मंत्री रावत ने बैठक के अंत में कहा कि 5 जून को वंदे गंगा अभियान शुरू किया गया था जिसके अपेक्षित परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों, तालाबों, बावड़ियों, कुओ आदि के रखरखाव और संरक्षण को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है।














































