लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
प्रवासी राजस्थानी दिवस
जयपुर ।
राजस्थान सरकार आगामी 10 दिसंबर को पहली बार ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह आयोजन वैश्विक प्रवासी राजस्थानी समुदाय को राज्य से और अधिक जोड़ने का सशक्त मंच बनेगा। इस पहल से प्रदेश के विकास में प्रवासी राजस्थानियों के योगदान को भी नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में ‘एनआरआर ओपन हाउस’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रवासी राजस्थानियों को उद्योग, निवेश और अन्य क्षेत्रों में संवाद का अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान होने वाले सेक्टोरल सत्रों में उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और जल संसाधन से जुड़े विशेषज्ञों एवं प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित किया जाए।
पर्यटन में नए आयामों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान केवल हैरिटेज पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि वॉटर एक्टिविटीज और एडवेंचर टूरिज्म जैसे नए क्षेत्रों में भी विकास की अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने पर्यटन सेक्टोरल सत्र में ट्रैवल इंडस्ट्री, होटल व्यवसाय और एडवेंचर टूरिज्म क्षेत्र के विशेषज्ञों को शामिल करने के निर्देश दिए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और जल संसाधन पर फोकस
शिक्षा पर आधारित सत्रों में विशेषज्ञों के साथ उन प्रवासी राजस्थानियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसी तरह, स्वास्थ्य सेक्टोरल सत्र में फार्मा, मेडिकल टेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
जल संसाधन सत्र में पारंपरिक और आधुनिक तकनीकों के विशेषज्ञों को जोड़ा जाएगा ताकि जल प्रबंधन के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा मिल सके।
सम्मानित होंगे प्रवासी राजस्थानी
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मान पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पुरस्कारों में दिए जाने वाले स्मृतिचिन्हों को राजस्थान की लोककला से जोड़ा जाएगा ताकि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी बल मिले।
कार्यक्रम की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन से पहले हैदराबाद, सूरत और कोलकाता में प्री-मीट्स आयोजित की जा चुकी हैं। अब नवंबर माह में पर्यटन प्री-मीट आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान प्रत्येक वर्ष 10 दिसंबर को ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ मनाने की घोषणा की थी।
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।