लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संवाददाता – मनीष पारीक, नावां सिटी
नावां सिटी। शहर के वार्ड नम्बर 2, 3 और 4 के निवासी लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। जलदाय विभाग की लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली के कारण वार्डवासियों को आज भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
जहाँ शहर के मुख्य बाज़ार में प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार पानी की सप्लाई दी जा रही है, वहीं इन वार्डों में हफ्ते में केवल एक बार ही पानी मिल रहा है। यह स्थिति वहाँ निवास करने वाले किसानों और मज़दूर वर्ग के परिवारों के लिए बेहद कठिनाइयाँ खड़ी कर रही है। मजबूरीवश लोग 1000 रुपये खर्च कर निजी टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं।
वार्डवासियों ने सवाल उठाया है कि जब जलदाय विभाग सभी उपभोक्ताओं से समान रूप से पानी के बिल वसूल रहा है, तो वार्ड 2, 3 और 4 के साथ इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
आज वार्डवासियों ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर 7 दिन के भीतर समस्या समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि समस्या का निवारण नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
पानी की इस विकट समस्या ने वार्डवासियों को सड़कों पर उतरने के लिए विवश कर दिया है। विभाग की लापरवाह कार्यशैली का खामियाज़ा खासतौर पर गरीब तबके के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।










































