लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यह केवल उद्घोष नहीं, राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक- दिया कुमारी
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के अंबाबाड़ी में आयोजित राष्ट्रभक्ति भाव जागरण ‘वंदे मातरम्’ रैली में सहभागिता की। यह रैली हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन तथा सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, त्याग और समर्पण की भावना का प्रतीक है। यह मंत्र स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और आत्मगौरव की चेतना जागृत करता आया है। 
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रैलियां हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाती हैं। ‘वंदे मातरम्’ शब्द नहीं, बल्कि शौर्य, साहस, त्याग, बलिदान और समर्पण का भाव है, जिस पर प्रत्येक देशवासी को गर्व होना चाहिए। 
उपमुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के विचारों से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार निरंतर विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर महानगर प्रचारक प्रशांत, एचएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सुभाष बापना, सचिव सोमकांत शर्मा, उपाध्यक्ष शीला अग्रवाल, आरएसएस के क्षेत्रीय संघचालक डॉ. रमेश, संस्कार भारती के राजस्थान अध्यक्ष अरुण, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल सहित एचएसएस फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।















































