लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की उपस्थिति में जयपुर में पतंग उत्सव का भव्य दूसरा चरण, आतिशबाजी और लालटेन से गुलाबी शहर जगमगाया
जयपुर। राजस्थान पर्यटन विभाग ने जयपुर जिला प्रशासन, नगर निगम और पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के सहयोग से भव्य काईट फेस्टिवल का दूसरा चरण हवामहल के सामने आयोजित किया। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति में शाम को भव्य आतिशबाजी और लालटेन उड़ाने का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
हवामहल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में गुलाबी शहर का परकोटा रंग-बिरंगी आतिशबाजी की रोशनी में नहा उठा, जिसमें आसमानी फूलझड़ियों, रॉकेट और पटाखों के धमाकों ने वातावरण को रोमांचक बना दिया। हजारों दर्शक आसमान में चमकती रौशनी और लालटेन को निहारते हुए उत्सव का आनंद लिया।
दिया कुमारी ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है और जयपुर, राजस्थान आगे भी संस्कृति और भव्य उत्सवों का साक्षी बनेगा। उन्होंने बताया कि काईट फेस्टिवल राजस्थान की जीवंत संस्कृति, लोक कला और आतिथ्य परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर है।
उल्लेखनीय है कि यह उत्सव वर्षों से शहरवासियों, देशी और विदेशी पर्यटकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय है, जो दिन में पतंगबाजी और रात में ऐतिहासिक धरोहरों के बीच अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है।