लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक हमीर सिंह भायल सहित अतिथियों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को दी सलामी
समदड़ी (बालोतरा)। समदड़ी क्षेत्र के सिवाना में उपखण्ड स्तरीय 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मुख्य समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिवाना परिसर में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक हमीर सिंह भायल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत ने की। इस अवसर पर विधायक हमीर सिंह भायल, एसडीएम सुरेंद्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार रायचंद देवासी, सीईओ देरावर सिंह सोढा, सिवाना विकास अधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र की आन-बान-शान तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखकर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। 
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारी, अधिकारी, पत्रकार तथा देशहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक हमीर सिंह भायल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है और राजस्थान सरकार भी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से लेकर राष्ट्र के विकास तक का सपना साकार होगा। विधायक ने मनरेगा की कमियों को दूर करने, वीबी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। 
उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है और युवाओं को एक लाख से अधिक नौकरियां दी जा चुकी हैं। आगे भी रोजगार कैलेंडर जारी कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सरकार के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता सोहन सिंह भायल, पंचायत समिति सदस्य ममता बिश्नोई, भाजपा कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।











































