लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रभावशाली लोगों पर कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों में नाराज़गी
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में नगरपालिका प्रशासन द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान औपचारिक बनकर रह गया। शहर के मुख्य मार्गों पर हो रहे कच्चे-पक्के अतिक्रमण, फुटपाथों पर रखा सामान और सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को हटाने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र से पहले ही चेतावनी दी गई थी।
अभियान के दौरान नए बस स्टैंड के पास लगने वाली सब्जी मंडी, पुराने बस स्टैंड के विश्राम गृह के सामने तथा सरदार सिंह सर्किल के आसपास कुछ अतिक्रमण हटाए गए। टीम ने दुकानों के सामने रखी टेबल-कुर्सियां, ठेले और सड़कों पर रखा सामान हटाकर जप्त किया।
हालांकि स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली दुकानदारों के अतिक्रमण को नहीं हटाया गया, जिससे यह कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई। कई छोटे दुकानदारों और ठेला चालकों ने नगरपालिका प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
अभियान के दौरान नगरपालिका के जमादार विनोद वाल्मीकि अपने सफाई कर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे।