लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
योगेश ऋषिका
सीकर। जिला उद्योग एवं व्यापार महासंघ, सीकर द्वारा रविवार को कल्याण सर्किल स्थित गोपाल सदन में होली स्नेह मिलन एवं व्यापारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में चंग-बांसुरी की धुन पर लोकगीतों की प्रस्तुतियों और फूलों की होली के साथ व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक होली पर्व मनाया।
कार्यक्रम के दौरान वैद्य रिछपाल सैनी ने चंग की थाप पर लोकगीत गाकर छह ऋतुओं की विशेषताओं का वर्णन किया। वहीं हेमन्त पारीक की वाद्य एवं गायन टीम ने बांसुरी की मधुर धुन पर होली एवं लोकगीत प्रस्तुत किए। व्यापारी बसन्त कलावटिया ने भी अपनी मधुर आवाज में लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। चंग और बांसुरी की धुन पर गूंजते गीतों के बीच उपस्थित व्यापारी भी झूम उठे और फूलों की होली खेलकर आपसी स्नेह का संदेश दिया।
समारोह के दौरान एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें व्यापारियों और नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था, भवन अनुमति के अनुसार पार्किंग स्थलों को खोलने, मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करने, ऑटोरिक्शा स्टैंड बनाने तथा बाजारों में स्वच्छता सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन की मांग उठाई।
समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी ने कहा कि सीकर के व्यापारियों का देश-दुनिया में नाम और धाक है। यहां के व्यापारी उद्यमशील, कर्मशील और प्रगतिशील हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन व्यापारियों और नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करेगा।
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की धमनियों की तरह हैं। व्यापारियों और नागरिकों के सहयोग से सीकर को स्वच्छ, समृद्ध और विकसित जिला मुख्यालय बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद प्रतिबद्ध हैं।
महासंघ के अध्यक्ष संजीव नेहरा ने स्वागत भाषण में संगठन के उद्देश्य बताते हुए कहा कि उद्योग एवं व्यापार महासंघ सीकर के पुराने और नए व्यापारियों का मजबूत संगठन है, जिसने वर्षों से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध करवाकर व्यापार की साख को मजबूत किया है।
इस अवसर पर महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष अरूण फागलवा, महामंत्री देवकीनन्दन पारीक, संगठन सलाहकार दिनेश सिंह जाखड़ और महेन्द्र पारीक ने व्यापारियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन महासंघ के उपाध्यक्ष नितेश पारमुवाल ने किया।
व्यापारियों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान
समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी और नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित श्री कल्याण मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग अधिकारी गोवर्धन ख्यालिया का सम्मान किया गया। इसके साथ ही व्यापार और समाज सेवा में योगदान देने वाले वरिष्ठ व्यापारी कान्तिप्रसाद पंसारी, मदनप्रकाश मावलिया, वैद्य रिछपाल सैनी, जगदीश प्रसाद चौकड़िका, प्रह्लाद राय टांक, समाजसेवी राधेश्याम काम्या, अरबन कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष प्रदीप जोशी, सुरेन्द्र त्रिहन, आलोक बियानी, नारायणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार सेन सहित कई व्यापारियों और समाजसेवियों को साफा, मालाएं, गजरा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महासंघ के कोषाध्यक्ष रूपाराम शेसमा, महामंत्री अभिषेक मोर, शहर अध्यक्ष मनीष भारद्वाज, संगठन महामंत्री यूनुस खान कासली, प्रहलाद राय टांक, महेश मावलिया, साइकिल एसोसिएशन के दिनेश सेठी, होटल एवं बार एसोसिएशन के जयन्त खीचड़, कॉन्ट्रेक्टर यूनियन के दिनेश शर्मा, चाय एसोसिएशन के महेन्द्र पारीक, पुनित शर्मा, महेश माटोलिया, सलीम खान, पालीराम पारीक, भानुप्रताप सिंह गहलोत और नटवर सीकरिया सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।





















































