लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह (ब्यूरो चीफ)
श्रीगंगानगर | श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की।
उपखंड अधिकारी के निर्देश पर हुआ निरीक्षण
यह निरीक्षण उपखंड अधिकारी अजीत गोदारा के निर्देशानुसार किया गया। मौके पर थानाधिकारी सुमन जयपाल एवं अधिशासी अधिकारी देवेन्द्र कोशिश उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और अन्य समस्याओं को लेकर मंथन किया।
जल्द होगी व्यापारियों की बैठक
अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही व्यापारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाएगी और आपसी समन्वय से समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि व्यापारियों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।
नियमों के पालन की अपील
प्रशासन और पुलिस ने व्यापारियों एवं आमजन से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और व्यवस्था सुधार में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से पदमपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
