लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद | राजसमंद जिले के कुंवारिया क्षेत्र में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही आसमान में घना कोहरा छाया रहने से दृश्यता कम रही और आमजन ठिठुरता नजर आया। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव, गर्म कपड़ों और चाय-कॉफी का सहारा लिया।
करीब दोपहर 12 बजे के बाद जब सूर्यदेव के दर्शन हुए तो लोगों ने राहत की सांस ली। धूप निकलते ही ठंड का असर कुछ कम हुआ और मौसम सुहावना हो गया।
स्थानीय निवासी पूजा रेगर एवं कांता गायरी ने बताया कि ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण आमजन कंपकंपाता नजर आया। कुंवारिया क्षेत्र के जोधपुरा, रामपुरिया, गाड़रिया वास, फियावड़ी, खण्डेल, लालपुर, मादड़ी, घाटी, खाखलिया खेड़ा, आकोदिया खेड़ा सहित आसपास के गांवों में लोग टोपा, मोजे, कोट, मफलर व अन्य ऊनी वस्त्रों में लिपटे दिखाई दिए।
दोपहर बाद सूर्य की किरणें निकलने से लोगों ने धूप का आनंद लिया, जिससे ठंड से कुछ हद तक राहत मिली। हालांकि सुबह-शाम सर्दी का असर बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
