Home crime टोंक में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: करोड़ों की ठगी करने वाला...

टोंक में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: करोड़ों की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

टोंक / उनियारा (दुर्योधन मयंक)। टोंक जिला स्पेशल टीम (DST) ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है और एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र से दिलखुश (22) पुत्र प्रेम शंकर निवासी खेड़ली, थाना अलीगढ़ (टोंक) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित 14 मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई है, जबकि साइबर पोर्टल पर इससे जुड़े 20 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वेन्यू कार (RJ26CA3291), दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने साइबर ठगी के लिए 22 फर्जी सिम कार्ड का उपयोग किया।

इस संबंध में सदर थाना टोंक में मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों और बैंक खाते मुहैया कराने वाले नेटवर्क की तकनीकी जांच कर रही है।

कार्रवाई में डीएसटी टीम के साथ सदर थाना टोंक के पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version