लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी, नागौर। रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र के थांवला कस्बे में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और ‘हर-हर महादेव’ व ‘जय भोले’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कस्बे के प्रमुख थानेश्वर महादेव मंदिर और गोलाई बालाजी स्थित महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से पूजा-अर्चना आरंभ हो गई। मंदिरों को फूल-मालाओं एवं विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया। भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भक्त बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।















































