लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हिंडौन सिटी। (चरण सिंह डागुर) दीपावली से पूर्व रविवार को शेरपुर की नहर के समीप तेज रफ्तार दो बाइकों में आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दो सगे भाइयों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रैफर किया गया है, जबकि एक का उपचार हिंडौन सिटी जिला चिकित्सालय में चल रहा है। दुर्घटना के बाद घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, हाडौली निवासी रेहान (17) और अयान पुत्र नन्हे (20) बाइक से महावीर जी भात देने जा रहे थे। इसी दौरान जटनंगला की ओर से आ रहे दानसिंह जाटव निवासी बाढ़ ढिंढोरा और धर्म सिंह निवासी चमरपुरा पुताई मजदूरी के लिए निकले थे। शेरपुर की नहर के समीप अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में भर्ती, तीन रैफर
घायलों को तत्काल हिंडौन सिटी जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टर मनोज जांगिड़ ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया। एक घायल का इलाज हिंडौन में ही जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना पर सूरौठ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और घायल युवकों को देखकर फफक पड़े। परिजनों ने बताया कि रेहान और अयान शादी समारोह में भात देने जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।















































