लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
राजसमंद। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कुंवारिया थाना पुलिस ने राजसमंद-भीलवाड़ा सीमा स्थित टपरिया खेड़ी बॉर्डर पर ए-क्लास नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई थाना प्रभारी सीआई रामचंद्र कुमावत के नेतृत्व में की गई।
नाकाबंदी के दौरान राजसमंद-भीलवाड़ा राजमार्ग से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन तलाशी लेते हुए प्रत्येक वाहन की सघन जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार पारीक एवं डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस जवानों की मुस्तैदी का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने काली फिल्म लगी गाड़ियों, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान बनाए।
कार्रवाई में एएसआई रामचंद्र चौधरी, एएसआई विक्रम सिंह, कांस्टेबल रूपाराम, बंशीलाल सहित कुंवारिया थाना पुलिस का जाप्ता मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए जिले में इस प्रकार की विशेष नाकाबंदी और सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
