Home latest ताल, लय और भाव का अद्भुत संगम: मोती डूंगरी गणेश मंदिर में...

ताल, लय और भाव का अद्भुत संगम: मोती डूंगरी गणेश मंदिर में जन्मोत्सव पर भव्य आयोजन

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर। श्री मोती डूंगरी गणेश मंदिर में जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार शाम भक्तिभाव और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। भव्य सांस्कृतिक आयोजन में प्रसिद्ध कलाकारों ने शास्त्रीय कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। भगवान गणेश को समर्पित इस कार्यक्रम में भक्तों और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।

कलाकारों ने कत्थक की पारंपरिक प्रस्तुति से समा बांधा

नृत्यांगनाओं ने ताल, लय और भाव के सुंदर संगम से गणेश वंदना प्रस्तुत की, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। कत्थक की पारंपरिक बंदिशों और गणेश स्तुति पर आधारित विशेष नृत्य ने वातावरण को भक्ति और कला से सराबोर कर दिया। घूमरों की लय और पखावज की थाप पर प्रस्तुत अद्वितीय समन्वय ने सभी का मन मोह लिया।

मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम के दौरान भजनों, शंखनाद और तालियों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

इससे पूर्व मंदिर में भगवान गणेश को समर्पित भव्य फलों की झांकी सजाई गई। मौसमी फलों से अलंकृत इस झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सेब, आम, अनार और केले से बनी आकर्षक सजावट में भगवान गणेश की प्रतिमा विशेष रूप से सुसज्जित की गई थी। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़े और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा और भक्त भावविभोर होकर लौटे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version