लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मतदाता जागरूकता में रचनात्मक योगदान के लिए राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मिला पुरस्कार
राजसमंद। (गौतम शर्मा) मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित स्वीप कार्यक्रम में साकेत साहित्य संस्थान को उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। संस्थान ने लेखन, प्रकाशन और आयोजन के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
साकेत साहित्य संस्थान के उपाध्यक्ष नारायण सिंह राव निराकार ने बताया कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव से लेकर अब तक हुए सभी चुनावों में संस्थान ने मतदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए कई पहल की हैं। इसमें स्लोगन, नारे, गीत, कविताएं लिखकर उनके ऑडियो-वीडियो बनाए गए और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। इसके साथ ही इनके संकलन के रूप में “उमंग मतदान की”, “मेरा मत मेरा अधिकार”, “साकेत स्वीप संदेश” जैसी पुस्तकों का प्रकाशन भी किया गया।
संस्थान ने स्वयं के संसाधनों से जिले की प्रत्येक तहसील में दीवार लेखन, स्वीप काव्य गोष्ठियां, नुक्कड़ चौपाल संगोष्ठियां आयोजित कीं। इसके अलावा, लघु नाटिकाओं का मंचन कर मतदाताओं को उनके अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
सम्मान समारोह
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार बुनकर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बृजमोहन बैरवा ने साकेत साहित्य संस्थान को सम्मानित किया। यह सम्मान संस्थान की जिला अध्यक्ष वीणा वैष्णव, मीडिया प्रभारी अन्नु राठौड़ “रुद्रांजली” और सहगोष्ठी प्रभारी डॉक्टर संपत लाल रैगर ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने संस्थान की मेहनत और निरंतर प्रयासों की सराहना की और इसे अन्य संगठनों के लिए प्रेरणा बताया।















































