लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। प्रदेश के दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में राजकीय भवनों, चिकित्सालयों, विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों के नामकरण के संबंध में गठित मंत्रिपरिषद् उप-समिति की बैठक आज उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के शासन सचिवालय स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं विस्तृत चर्चा की गई।
यह बैठक स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय योगदान को चिरस्थायी सम्मान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा की भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी तथा सामान्य प्रशासन विभाग के शासन सचिव नवीन जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़े विषयों पर अपने-अपने विचार रखे और प्रस्तावों पर सकारात्मक विमर्श किया।
उप-समिति द्वारा लिए गए निर्णयों से प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को स्थायी रूप से संरक्षित करने तथा उनके योगदान को सार्वजनिक जीवन में सम्मानजनक पहचान दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की अपेक्षा है।