लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में जनगणना कार्य के अंतर्गत 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आमजन को स्व-गणना (Self Enumeration) के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर देवेन्द्र कुमार के निर्देशन में यह प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और अब तक जिले में 8069 परिवार स्व-गणना के तहत पंजीकरण कर चुके हैं।
प्रशासन द्वारा स्व-गणना को सरल एवं सहज प्रक्रिया बताते हुए सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभागीय कार्मिकों के साथ पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक कार्मिक को कम से कम 10 अन्य परिवारों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य दिया गया है।
यह प्रक्रिया 15 मई 2026 तक SE पोर्टल (se.census.gov.in) पर उपलब्ध रहेगी, जिसके पश्चात पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद 16 मई से प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं जनगणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
जनगणना कार्य के लिए प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को आवश्यक किट उपलब्ध कराई जा रही है। सभी कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्य के दौरान अपना परिचय पत्र साथ रखें तथा पहचान सुनिश्चित कर ही आमजन से जानकारी एकत्र करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा इनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण एवं नीति निर्धारण के लिए किया जाएगा, जिससे नागरिक निर्भीक होकर अपनी जानकारी साझा कर सकें।
जिले के सभी 18 चार्ज क्षेत्रों में 1 मई से प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को आमजन के साथ शालीन व्यवहार करते हुए सटीक जानकारी संकलित कर ऐप पर दर्ज करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 6 मई को नगरपरिषद नागौर, तहसील खींवसर एवं नगर पालिका बासनी सहित सभी चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को जनगणना कार्य के प्रति सेवा भाव और निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।
