लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़ । झालावाड़ जिले के सारोलाकलां कस्बे में रविवार तड़के एक सुनार परिवार के घर हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। झंडा बाजार स्थित बद्रीलाल सोनी के घर पर 7 से 8 हथियारबंद डकैतों ने धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
बंदूक की नोक पर परिवार को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार तड़के सुबह बदमाश हथियारों के साथ घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद डकैतों ने घर में जमकर लूटपाट की।
पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश करीब 10 लाख रुपये नकद, 140 किलो चांदी और लगभग 1 किलो सोने के आभूषण लूटकर ले गए। बताया जा रहा है कि चांदी 8 पीपों में भरी हुई थी।
महिलाओं के गहने भी छीने
डकैतों ने वारदात के दौरान परिवार की महिलाओं के गले से मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण भी जबरन उतरवा लिए। विरोध करने पर बद्रीलाल सोनी के पुत्र नंदन के साथ मारपीट की गई। बद्रीलाल की पत्नी कृष्णा और विवाहित बेटी नीतू के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की सूचना है।
पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस की सारोला कला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी बुद्ध राम चौधरी ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की प्रगति की जानकारी ली।
“जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी” — एसपी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सदमे में परिवार, इलाके में आक्रोश
बताया जा रहा है कि बद्रीलाल सोनी पहले से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और हाल ही में अस्पताल से घर लौटे थे। घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
कस्बे के बीचोंबीच हुई इस बड़ी डकैती के बाद सारोलाकलां में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
