लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | (सत्यप्रकाश मयंक) उपखंड क्षेत्र के सुथड़ा स्थित श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में दिगंबर जैन श्रद्धालुओं द्वारा देव दर्शन दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मकर संक्रांति पर्व भी बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराना एवं मनोज जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगलाष्टक, अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुई। इसके पश्चात देव-शास्त्र एवं मूलनायक भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
भक्तामर आयोजन संयोजकों हुक्मचंद शहर वाले, नरेंद्र जैन (बनेठा) एवं चेतन जैन (सुथड़ा) ने बताया कि सायं साढ़े 6 बजे भक्तामर दीपार्चना का आयोजन किया गया। यह पुण्यार्जक आयोजन शिखरचंद निहालचंद, महावीर प्रसाद, सुरेश कुमार, संदीप कुमार, सुधीर कुमार (पलसा वाले) एवं लावा के सौजन्य से संपन्न हुआ।
भक्तामर मंडल बनेठा द्वारा भक्तामर दीपार्चना विधिपूर्वक एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
देव दर्शन दिवस एवं मकर संक्रांति के संयुक्त आयोजन से सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में धार्मिक उल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
