लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। शहर की सुजान गंगा नहर में नाव पलटने से 5-6 लोगों के डूबने की सूचना पर प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी हुआ और SDRF, सिविल डिफेंस, पुलिस, एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गोताखोरों ने नहर में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया और समन्वय के साथ रेस्क्यू करते हुए सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर ही चिकित्सा टीम द्वारा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई।
एडीएम सिटी भरतपुर राहुल सैनी ने बताया कि यह पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल थी, जिसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी ड्रिल से वास्तविक दुर्घटना की स्थिति में बचाव कार्य को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से अंजाम देने की तैयारी परखी जाती है।
प्रशासन के अनुसार भविष्य में भी समय-समय पर इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी, ताकि आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह तैयार रहें।


















































