लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर महेश पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के 30 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन माह के विशेष अभियान के तहत महेश सेवा समिति संचालित महेश पब्लिक स्कूल में बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन ने की।
अपने संबोधन में जैन ने बताया कि स्थाई लोक अदालतें जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का सबसे तेज, सरल और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराती हैं। पानी, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी स्वच्छता, सड़क मरम्मत, आवारा पशु नियंत्रण और कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर स्थाई लोक अदालतें त्वरित निस्तारण कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आमजन केवल एक साधारण आवेदन देकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद स्थाई लोक अदालत न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करती है।
जैन ने नागरिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं जागरूक बनें, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी कानूनी अधिकारों व प्रक्रियाओं की जानकारी दें।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विशाल भार्गव (एडीजे एवं मुख्य न्यायाधीश), मजिस्ट्रेट नागेंद्र, महेश सेवा समिति के सचिव एडवोकेट राजेंद्र कचोलिया, जिला अभिभाषक संस्था अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा, स्कूल प्रभारी केदार जागेटिया, प्रिंसिपल अरविंदर कौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक, शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सचिव विशाल भार्गव ने स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली, उपयोगिता तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े बाल वाहिनी नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल वाहनों की समय-समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में एडवोकेट राजेंद्र कचोलिया ने स्वागत भाषण दिया, जबकि जिला अभिभाषक संस्था अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा ने जन-उपयोगी सेवाओं में आमजन की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अशोक जैन ने किया।















































