लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर से बृजकिशोर पारीक की रिपोर्ट
नर्सेज और पैरामेडिकल कार्मिकों के स्थायीकरण की मांग को लेकर जोधपुर में एक विशाल महारैली निकाली गई। महात्मा गांधी चिकित्सालय से शुरू होकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक निकली इस रैली में यूटिवी नर्सेज, संविदा नर्सेज, निविदा नर्सेज और पैरामेडिकल अस्थायी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया।
रैली संयोजक राहुल सिंह राजपुरोहित ने बताया कि जोधपुर के साथ-साथ बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, नागौर सहित पूरे जोधपुर संभाग से सैकड़ों नर्सेज और पैरामेडिकल कार्मिक रैली में शामिल हुए। रैली के माध्यम से जिला कलेक्टर के जरिए मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर नर्सेज के 12,000 तथा पैरामेडिकल स्टाफ के 4,000 पदों पर मेरिट व बोनस आधार पर स्थायी भर्ती निकालने की मांग की गई।
अस्पतालों में नर्सेज की कमी, स्थायीकरण जरूरी: एसोसिएशन
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेड़तिया ने कहा कि प्रदेश के कई अस्पताल नर्सेज की भारी कमी से जूझ रहे हैं, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद हजारों नर्सेज और पैरामेडिकल बेरोजगार हैं।
संविदा, निविदा और अस्थायी रूप से कार्यरत नर्सेज के अनुभव को देखते हुए उन्हें नियमित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ऐतिहासिक रैली, सरकार पर दबाव बढ़ा: नर्सेज नेता
नर्सेज नेता जगदीश जाट ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नर्सेज के सभी घटकों ने एकजुट होकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार बजट में की गई घोषणा को धरातल पर लागू नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रैली में नर्सेज स्थायीकरण की मांग वाले स्लोगन और बैनर लेकर चल रहे थे। विभिन्न नर्सेज नेताओं ने रैली को संबोधित किया और स्पष्ट किया कि यदि सरकार जल्द नीति नहीं बनाती, तो आंदोलन को और विस्तारित किया जाएगा।
नर्सेज और पैरामेडिकल समुदाय ने अस्थायी कार्मिकों को नियमित करने की ठोस नीति बनाने की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपील की। 



















































