लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘न्याय आपके द्वार’ अभियान की दी गई जानकारी, ग्रामीणों को किया जागरूक
पादूकलां। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेडता श्री अरुण कुमार बेरीवाल (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) के निर्देशानुसार तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेडता स्वाति शर्मा के तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम पादूकलां में रालसा वन व बालिका वर्ष–2025 के अंतर्गत ‘सृजन की सुरक्षा’ अभियान एवं ‘जनोपयोगी सेवाओं हेतु न्याय आपके द्वार’ अभियान को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पिपलांत्री मॉडल से प्रेरित एवं ईको-फेमिनिज्म की अवधारणा पर आधारित रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पादूकलां के खेल मैदान में चार नवजात बालिकाओं (हरित बालिका) के जन्म के उपलक्ष्य में 44 पौधों का सामूहिक पौधारोपण किया गया।
इस अवसर पर अधिकार मित्र जुगल सिंह ने ‘सृजन की सुरक्षा’ एवं ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए आमजन को जागरूक किया तथा पम्पलेट वितरित किए। उन्होंने बताया कि ग्राम पादूकलां में प्रत्येक बालिका के जन्म पर ‘हरित बालिका विशिष्ट पहचान पत्र’ प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न सरकारी विभागों की चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य योजनाएं, शैक्षणिक अवसर एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बालिकाओं के परिजन मोहन, रामदेव, मनोज कुमार, पर्यावरण प्रेमी रामचन्द्र पिचकिया, विद्यालय की प्रधानाचार्य सपना चौधरी, वन विभाग से परसाराम, सहित प्रियदर्शी, संजुलता, गोपीचंद पारीक, जगदीशराम गोरा, जयप्रकाश शर्मा, जितेंद्र दुस्तावा, मनोहर सिंह, मांगीलाल, सुनील सेठु, दिनेश सेन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान बालिका सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।